हरदोई में जेसीबी से खुदाई के दौरान फिर फटी PNG गैस पाइपलाइन, ठेकेदार की लापरवाही से हुई घटना

उप्र के हरदोई में शहर कोतवाली क्षेत्र के चांद बेहटा मोहल्ले के पास पेट्रोल पंप के निकट सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया,जब सड़क चौड़ीकरण के दौरान जेसीबी से खुदाई करते समय पीएनजी गैस पाइपलाइन फट गई।

हरदोई में जेसीबी से खुदाई के दौरान फिर फटी PNG गैस पाइपलाइन, ठेकेदार की लापरवाही से हुई घटना
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट 

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई में शहर कोतवाली क्षेत्र के चांद बेहटा मोहल्ले के पास पेट्रोल पंप के निकट सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया,जब सड़क चौड़ीकरण के दौरान जेसीबी से खुदाई करते समय पीएनजी गैस पाइपलाइन फट गई। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गैस रिसाव को देखते हुए खुदाई कर रहे लोग मौके से फरार हो गए।

यह घटना दूसरी बार हुई है।सिटी मजिस्ट्रेट द्वारा ठेकेदार पर लापरवाही बरतने की बात कही गयी है। पीएनजी गैस पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने की घटना की जानकारी मिलते ही सिटी मजिस्ट्रेट संजय सिंह,मुख्य अग्निशमन अधिकारी महेश प्रताप सिंह और ट्रैफिक पुलिस की टीम मौके पर पहुंचे।

वहीं पीएनजी कंपनी के कर्मचारी भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और गैस की सप्लाई बंद कराई।अधिकारियों ने एहतियातन घटनास्थल के आसपास बैरिकेडिंग कराकर इलाके को सुरक्षित कराया।

समय रहते गैस की आपूर्ति बंद होने से बड़ा हादसा टल गया।सिटी मजिस्ट्रेट संजय सिंह ने बताया कि एचपीसीएल की ओर से पहले से ही इस मार्ग पर गैस पाइपलाइन बिछाई गई है फिलहाल लखनऊ रोड पर चौड़ीकरण का काम तेजी से चल रहा है।

ठेकेदार को पहले से जानकारी थी कि सड़क के नीचे गैस पाइपलाइन मौजूद है,इसके बावजूद जल्दबाजी और लापरवाही के चलते जेसीबी से खुदाई के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई।उन्होंने बताया कि एचपीसीएल की टीम ने तत्काल मरम्मत का काम शुरू कराया है।

घटना के बाद सीएफओ, इंजीनियरिंग टीम और ट्रैफिक पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए सुरक्षा व्यवस्था लागू कराई। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस लापरवाही के लिए जिम्मेदारी तय की जाएगी। गौरतलब है कि इससे पहले रेलवे क्षेत्र में भी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की घटना सामने आई थी।

उस समय संबंधित विभागों को पाइपलाइन का रूट मैप उपलब्ध कराने की बात कही गई थी।सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि रूट मैप साझा किया गया था और एक स्थान पर आरटी भी कराया गया था।इसके बावजूद ठेकेदार ने जल्दबाजी दिखाई,जिसकी जिम्मेदारी तय की जा रही है।