बलरामपुर: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत, साथी गंभीर रूप से घायल
उप्र के बलरामपुर जनपद के उतरौला कोतवाली क्षेत्र में शनिवार की रात एक भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक घटना सामने आई है। धर्मपुर भैंसवा घाट के पास अज्ञात वाहन ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट
बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर जनपद के उतरौला कोतवाली क्षेत्र में शनिवार की रात एक भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक घटना सामने आई है। धर्मपुर भैंसवा घाट के पास अज्ञात वाहन ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भयंकर टक्कर में बाइक के परखच्चे उड़ गए और बाइक सवार एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है।
7 माह के मासूम के सिर से उठा पिता का साया
इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक युवक अपने पीछे पत्नी और महज 7 महीने के एक मासूम बच्चे को रोता-बिलखता छोड़ गया है। मासूम के सिर से पिता का साया उठने से पूरे गांव में शोक की लहर है।
अस्पताल में चल रहा है इलाज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल दूसरे साथी का इलाज बलरामपुर संयुक्त जिला अस्पताल में जारी है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, जिस निजी अस्पताल में मृतक ने दम तोड़ा, वहां भी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना कोतवाली उतरौला की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है।



