प्रतापगढ़: अलग-अलग समुदाय के युवक-युवती ने हिंदू रीति-रिवाज से किया विवाह, हिंदू संगठनों ने रखी निगरानी
उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के कोतवाली पट्टी क्षेत्र के दाऊदपुर गांव में अलग-अलग समुदाय से संबंध रखने वाले एक बालिग युवक और युवती ने सामाजिक एवं धार्मिक बंधनों को दरकिनार कर हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के कोतवाली पट्टी क्षेत्र के दाऊदपुर गांव में अलग-अलग समुदाय से संबंध रखने वाले एक बालिग युवक और युवती ने सामाजिक एवं धार्मिक बंधनों को दरकिनार कर हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया।
बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद की निगरानी में हिंदू रीति-रिवाज से शादी संपन्न हुई। परिजनों के संभावित विरोध को देखते हुए दंपति ने शपथ पत्र तैयार कराया है। विवाह के बाद दोनों ने अपने रिश्ते को कानूनी सुरक्षा प्रदान करने के लिए नोटरी के समक्ष शपथ पत्र भी प्रस्तुत किया है।
जानकारी के अनुसार दाऊदपुर गांव निवासी सानिया बानो और अमन कुमार गौतम के बीच काफी समय से प्रेम संबंध था। दोनों बालिग होने के कारण आपसी सहमति से जीवनसाथी बनने का निर्णय लिया। इसके बाद हिंदू रीति-रिवाज से विवाह संपन्न कराया गया।
शपथ पत्र में युवती ने स्वेच्छा से अमन कुमार को अपना पति स्वीकार करने की बात कही है। वहीं युवक ने भी युवती को अपनी पत्नी मानते हुए जीवनभर साथ निभाने का संकल्प व्यक्त किया है। दोनों ने यह भी स्पष्ट किया है कि उन्होंने यह निर्णय बिना किसी दबाव, प्रलोभन या भय के अपनी स्वतंत्र इच्छा से लिया है।
दंपति ने हलफनामे में उल्लेख किया है कि यदि उनके विवाह को लेकर किसी प्रकार की आपत्ति या शिकायत की जाती है तो उसे अनुचित माना जाए। विवाह संबंधी दस्तावेज पर गांव के दो लोगों ने गवाह के रूप में हस्ताक्षर किए हैं।
बताया गया कि विवाह प्रक्रिया के दौरान बजरंग दल एवं विश्व हिंदू परिषद से जुड़े पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। यह अंतरधार्मिक विवाह क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
इस दौरान जिला मंत्री मनीष कुमार रावत, भाजपा नेता विजय सिंह बजरंगी, बजरंग दल जिला संयोजक प्रिंस बरनवाल, शिवकुमार सोनी, कृष्ण पाल, बबलू गौतम, नन्हे गौतम, राजेश पांडेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


