कौशाम्बी: कोखराज टोल प्लाजा पर LPG टैंकर में लगी भीषण आग, 4 टोल कर्मी झुलसे; करोड़ो का नुकसान
उप्र के कौशाम्बी जनपद के कोखराज थाना क्षेत्र स्थित टोल प्लाजा पर शुक्रवार सुबह करीब 6:45 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक एलपीजी टैंकर में आग लग गई।
कौशाम्बी से राहुल भट्ट की रिपोर्ट
कौशाम्बी/जनमत न्यूज़। उप्र के कौशाम्बी जनपद के कोखराज थाना क्षेत्र स्थित टोल प्लाजा पर शुक्रवार सुबह करीब 6:45 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक एलपीजी टैंकर में आग लग गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। हादसे में कई लोग झुलस गए, जिनका इलाज जारी है। दर्जन भर बाइक और चार पहिया वाहन समेत टोल टैक्स आफिस भी जलकर राख हो गया।
पुलिस के मुताबिक, सुबह लगभग 6:45 बजे कोखराज टोल प्लाजा से एलपीजी टैंकर में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड और अन्य राहत दल मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, जिसके बाद टोल प्लाजा पर यातायात को भी धीरे-धीरे सामान्य कराया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एलपीजी टैंकर डिवाइडर से टकरा गया था। टक्कर के बाद गैस का रिसाव शुरू हुआ, जिससे आग लग गई। इस हादसे में कुल 6 से 7 लोग झुलस गए। इनमें से 5 घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है, जबकि 2 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने बताया कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है। आग बुझा दी गई है और यातायात सामान्य कराया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
फिलहाल राहत की बात यह है कि समय रहते पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


