बलरामपुर: बिसुही नदी में रील बनाते समय बहा 19 वर्षीय युवक, SDRF की खोज जारी

उप्र के बलरामपुर जनपद के ​गोंडा-बलरामपुर सीमा के सादुल्लाहनगर पर स्थित बिसुही नदी के अमघटी पुल पर मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया।

बलरामपुर: बिसुही नदी में रील बनाते समय बहा 19 वर्षीय युवक, SDRF की खोज जारी
Published By- Diwaker Mishra

बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट

बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर जनपद के ​गोंडा-बलरामपुर सीमा के सादुल्लाहनगर पर स्थित बिसुही नदी के अमघटी पुल पर मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाने का शौक एक परिवार के लिए गहरे सदमे में बदल गया।

नदी के तेज बहाव में उतरकर मोबाइल से रील बना रहा 19 वर्षीय युवक कैफ अचानक पैर फिसलने से गहरे पानी में बह गया और लापता हो गया। ​घटना मंगलवार की है।

मूल रूप से नवाबगंज के काजीपुर निवासी कैफ पुत्र आलम इन दिनों अपने ननिहाल गूमा फातमाजोत में रह रहा था। वह अपने 18 वर्षीय मौसेरे भाई ज्यान के साथ अमघटी पुल के पास गया था। वीडियो बनाने के दौरान जब कैफ पानी में बहने लगा, तो ज्यान ने उसे बचाने का प्रयास किया।

हालांकि, पानी का बहाव तेज होने के कारण ज्यान खुद भी डूबने लगा, लेकिन वह किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहा और तुरंत परिजनों को सूचना दी।

​हादसे की खबर मिलते ही ग्राम प्रधान रमेश गुप्ता की सूचना पर सादुल्लाहनगर थानाध्यक्ष सत्येन्द्र वर्मा और मनकापुर प्रभारी निरीक्षक तेज प्रताप सिंह स्थानीय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

युवक की तलाश के लिए एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को बुलाया गया। देर शाम तक एसडीआरएफ के गोताखोर रबर बोट की मदद से नदी का कोना-कोना खंगालते रहे, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।

​पुलिस प्रशासन और स्थानीय प्रतिनिधियों ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर रील या वीडियो बनाने के चक्कर में नदियों, नहरों, पुलों या अन्य खतरनाक स्थानों पर अपनी जान जोखिम में न डालें। एक पल की लापरवाही पूरे परिवार के लिए जीवनभर का दर्द बन सकती है।