कुशीनगर: बिजली के खंभे में भड़की भीषण आग, 30 मिनट तक जलते रहे तार; लोगों में फैली दहशत

उप्र के कुशीनगर जनपद के पड़रौना शहर के बीचों-बीच कोतवाली के बगल और जिला अस्पताल की ओर जाने वाले मोड़ के पास मंगलवार शाम बिजली के खंभे में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई।

कुशीनगर: बिजली के खंभे में भड़की भीषण आग, 30 मिनट तक जलते रहे तार; लोगों में फैली दहशत
Published By- Diwaker Mishra

कुशीनगर से प्रदीप यादव की रिपोर्ट

कुशीनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के कुशीनगर जनपद के पड़रौना शहर के बीचों-बीच कोतवाली के बगल और जिला अस्पताल की ओर जाने वाले मोड़ के पास मंगलवार शाम बिजली के खंभे में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई।

देखते ही देखते तार धू-धू कर जलने लगे और आग की तेज लपटें करीब 25 से 30 मिनट तक उठती रहीं। घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई।

जिस खंभे में आग लगी, उसके ठीक नीचे एक फल विक्रेता अपना ठेला लगाकर फल बेच रहा था। गनीमत रही कि वह समय रहते सुरक्षित हट गया और बड़ा हादसा टल गया।

स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, जबकि घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची।

लोगों का कहना है कि पड़रौना शहर में जर्जर बिजली के तार और तारों का मकड़जाल आए दिन शॉर्ट सर्किट जैसी घटनाओं को न्योता दे रहा है। इससे कभी भी बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता है। घटना के बाद शहर के कई मोहल्लों की बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हो गई।

विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता सुरेंद्र कुमार गौतम ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण तारों में आग लगी थी। विभाग की टीम क्षतिग्रस्त तारों को बदलकर जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटी है।