लखीमपुर खीरी: अखिल भारत हिंदू महासभा ने सांसदों पर लगाया भगवान श्रीराम के अपमान का आरोप, एफआईआर दर्ज करने की मांग

उप्र के लखीमपुर खीरी जनपद में अखिल भारतीय हिंदू महासभा ने राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपते हुए संसद परिसर में भगवान श्रीराम के अपमान का आरोप लगाने वाले जनप्रतिनिधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

लखीमपुर खीरी: अखिल भारत हिंदू महासभा ने सांसदों पर लगाया भगवान श्रीराम के अपमान का आरोप, एफआईआर दर्ज करने की मांग
Published By- Diwaker Mishra

लखीमपुर खीरी से लोकेंद्र प्रताप सिंह की रिपोर्ट

लखीमपुर खीरी/जनमत न्यूज़। उप्र के लखीमपुर खीरी जनपद में अखिल भारतीय हिंदू महासभा ने राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपते हुए संसद परिसर में भगवान श्रीराम के अपमान का आरोप लगाने वाले जनप्रतिनिधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने संबंधित सांसदों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने और उनकी संसद सदस्यता समाप्त करने की मांग उठाई है।

अखिल भारत हिंदू महासभा के जिलाध्यक्ष विनोद गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि 31 जुलाई को संसद परिसर में भगवान श्रीराम का अपमान किया गया, जिससे हिंदू समाज की आस्था को ठेस पहुंची है।

संगठन ने ज्ञापन में मांग की है कि मामले में शामिल बताए गए सांसदों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए, उनकी संसद सदस्यता निरस्त की जाए और संबंधित लोगों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई जाए।

हिंदू महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि धार्मिक आस्थाओं का अपमान किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने सरकार से मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।