रायबरेली में राहुल गांधी का तीखा हमला, कहा- संविधान के खिलाफ काम कर रही है भाजपा सरकार

अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे नेता प्रतिपक्ष एवं सांसद राहुल गांधी ने सोमवार को रायबरेली की धरती से सियासी संदेश देने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

रायबरेली में राहुल गांधी का तीखा हमला, कहा- संविधान के खिलाफ काम कर रही है भाजपा सरकार
Published By- Diwaker Mishra

रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट

रायबरेली/जनमत न्यूज़। अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे नेता प्रतिपक्ष एवं सांसद राहुल गांधी ने सोमवार को रायबरेली की धरती से सियासी संदेश देने में कोई कसर नहीं छोड़ी। दौरे की शुरुआत आस्था से हुई और समापन तीखे राजनीतिक प्रहारों के साथ।

सबसे पहले राहुल गांधी ने जनपद की सीमा पर स्थित प्रसिद्ध पीपलेश्वर चुरूवा हनुमान मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और पवन पुत्र महाबली हनुमान का आशीर्वाद लिया। इसके बाद उनका काफिला सीधे जनसमर्थन के बीच अगले कार्यक्रम की ओर बढ़ गया, जहां कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।

ठकुराइन खेड़ा (मजे़रा महेरी ग्राम सभा) में उन्होंने नवनिर्मित बारात घर का लोकार्पण कर विकास का संदेश दिया, लेकिन असली राजनीतिक रंग तब दिखा जब मंच से उन्होंने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।

राहुल गांधी ने कहा कि मौजूदा सरकार नौजवानों, किसानों, महिलाओं और संविधान के खिलाफ काम कर रही है। उन्होंने देश में आर्थिक तूफानआने की चेतावनी देते हुए कहा कि हालात ऐसे बन रहे हैं कि आम आदमी को दिहाड़ी मजदूरी के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

अपने भाषण में उन्होंने अडानी और अंबानी का जिक्र करते हुए सरकार पर उद्योगपतियों के सहारे चलने का आरोप लगाया और दावा किया कि विरोध करने वालों को एजेंसियों और पुलिस का सामना करना पड़ रहा है।

कार्यक्रम में अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा, जिला अध्यक्ष पंकज तिवारी, पूर्व प्रत्याशी सुशील पासी, ग्राम प्रधान देशराज यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। रायबरेली का यह दौरा साफ संकेत दे गया कि आने वाले समय में जिले की सियासत और तेज होने वाली है।