भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मां विंध्यवासिनी के किए दर्शन, बंगाल चुनाव पर कही बड़ी बात

नितिन नवीन ने कहा कि मां विंध्यवासिनी की कृपा से उत्तर प्रदेश और देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मां विंध्यवासिनी के किए दर्शन, बंगाल चुनाव पर कही बड़ी बात
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

मिर्जापुर से आनंद तिवारी की रिपोर्ट —

मिर्जापुर / जनमत न्यूज। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को विंध्याचल धाम पहुंचकर जगत जननी मां विंध्यवासिनी देवी का विधिवत दर्शन-पूजन किया। उनके प्रथम आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। जगह-जगह पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने फूल-मालाओं के साथ उनका भव्य स्वागत किया।

विंध्याचल धाम में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा संपन्न हुई। इस अवसर पर पं. रत्नाकर मिश्र, दिलीप सिंह पटेल क्षेत्रीय काशी अध्यक्ष, विनीत सिंह एनएलसी, विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज, शुचि स्मिता मौर्या समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

दर्शन-पूजन के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि मां विंध्यवासिनी की कृपा से उत्तर प्रदेश और देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने प्रदेश और देशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि मां का आशीर्वाद सभी पर बना रहे।

राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए उन्होंने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वहां दूसरे चरण का मतदान हो रहा है, जो लोकतंत्र का महत्वपूर्ण पर्व है। उन्होंने मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की।

उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है। साथ ही कहा कि आने वाले समय में राज्य में सुरक्षा, विकास और सुशासन की नई व्यवस्था स्थापित होगी।