सहारनपुर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, महिला समेत 3 तस्कर गिरफ्तार; 1. 20 करोड़ की स्मैक बरामद
उप्र के सहारनपुर जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा-नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान के तहत नानौता पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
सहारनपुर से अनिल वर्मा की रिपोर्ट
सहारनपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सहारनपुर जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा-नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान के तहत नानौता पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
पुलिस ने चेकिंग के दौरान महिला समेत तीन शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 590 ग्राम अवैध स्मैक और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये है।
पुलिस के अनुसार आज मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना नानौता पुलिस ने रेलवे स्टेशन रोड स्थित गत्ता फैक्ट्री के खंडहर के पास चेकिंग अभियान चलाया।
इसी दौरान तीन संदिग्धों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नौशाद पुत्र इरशाद, निवासी मोहल्ला चाहमंजली, नानौता, कलीम पुत्र सलीम, निवासी हबीबगढ़, थाना कुतुबशेर और इशरत पत्नी नसीम, निवासी चांद कॉलोनी, थाना कुतुबशेर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक नौशाद हिस्ट्रीशीटर और अभ्यस्त अपराधी है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, गुंडा अधिनियम समेत करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं इशरत के खिलाफ भी पूर्व में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।
पुलिस ने बताया कि नौशाद के कब्जे से 270 ग्राम, इशरत से 260 ग्राम और कलीम से 60 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके अलावा दो मोबाइल फोन भी मिले हैं।
मामले में थाना नानौता पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच कर रही है, ताकि नशे की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।




