रायबरेली में मनचले की खैर नहीं, महिलाओं पर फब्तियां कसने वाला युवक गिरफ्तार

सलोन थाना क्षेत्र में राह चलती महिलाओं पर अश्लील फब्तियां कसने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई मिशन शक्ति फेज़-5 के तहत की गई है,

रायबरेली में मनचले की खैर नहीं, महिलाओं पर फब्तियां कसने वाला युवक गिरफ्तार
REPORTED BY - MAHATAB KHAN, PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

रायबरेली/जनमत न्यूज। महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर रायबरेली पुलिस ने एक बार फिर सख्त कदम उठाया है। सलोन थाना क्षेत्र में राह चलती महिलाओं पर अश्लील फब्तियां कसने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई मिशन शक्ति फेज़-5 के तहत की गई है, जिसके जरिए महिला उत्पीड़न करने वालों पर कड़ा शिकंजा कसा जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान महेश कुमार निवासी ग्राम बघौला, थाना सलोन के रूप में हुई है। आरोपी लंबे समय से राह चलती महिलाओं और लड़कियों पर अश्लील टिप्पणियां कर रहा था। उसकी हरकतों से क्षेत्र की महिलाओं और लड़कियों का सड़क पर निकलना भी मुश्किल हो गया था। शिकायतों के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया।

थाना प्रभारी सलोन ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आरोपी को जेल भेजने की प्रक्रिया प्रगति पर है। पुलिस अधिकारियों ने साफ शब्दों में कहा कि महिलाओं की गरिमा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

गौरतलब है कि मिशन शक्ति अभियान के तहत लगातार ऐसी कार्रवाई की जा रही है ताकि समाज में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश दिया जा सके। इस घटना के बाद क्षेत्र में महिलाओं ने राहत की सांस ली है और पुलिस की तत्परता की सराहना की है।