मुजफ्फरनगर में आबकारी विभाग सख्त, ओवररेटिंग पर मुकदमा दर्ज, कारोबारियों में हड़कंप
आबकारी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी परिस्थिति में नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई दुकानदार ओवररेटिंग करते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ सीधे मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर उसे जेल भी भेजा जाएगा।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट —
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज। जनपद मुजफ्फरनगर में आबकारी विभाग ने शराब की दुकानों पर अवैध ओवररेटिंग के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। तिस्सा स्थित बीयर दुकान पर निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग तुरंत हरकत में आया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला आबकारी अधिकारी राकेश बहादुर तथा संबंधित आबकारी निरीक्षक विकास कुमार ने थाना भोपा में मुकदमा दर्ज कराया है।
आबकारी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी परिस्थिति में नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई दुकानदार ओवररेटिंग करते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ सीधे मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर उसे जेल भी भेजा जाएगा।
विभाग की इस कार्रवाई के बाद जनपद के शराब कारोबारियों में हड़कंप का माहौल है। आबकारी विभाग ने सभी लाइसेंस धारकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे शासन द्वारा निर्धारित दरों और समय का पूर्ण रूप से पालन करें।
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में किसी भी प्रकार की शिकायत विभाग को प्राप्त होती है तो संबंधित दुकान संचालक के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Janmat News 