अलीगढ़ में 10 वर्षीय मासूम की हत्या, खेत में मिला शव; इलाके में फैली सनसनी
गुरुवार शाम करीब 7 बजे बंसी खाना खाने के बाद गांव के अन्य बच्चों के साथ घर से बाहर खेलने के लिए निकला था। देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिवार को चिंता हुई। परिजनों और ग्रामीणों ने मिलकर रात करीब 1:30 बजे तक उसकी तलाश की
अलीगढ़ से अजय कुमार की रिपोर्ट —
अलीगढ़/जनमत न्यूज। जनपद अलीगढ़ के थाना क्वार्सी क्षेत्र अंतर्गत गांव ज्वालागढ़ में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां गुरुवार की देर शाम से लापता 10 वर्षीय मासूम बच्चे की हत्या कर उसका शव खेतों में फेंक दिया गया। शुक्रवार सुबह बच्चे का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चे बंसी के ताऊ भूरी सिंह ने बताया कि गुरुवार शाम करीब 7 बजे बंसी खाना खाने के बाद गांव के अन्य बच्चों के साथ घर से बाहर खेलने के लिए निकला था। देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिवार को चिंता हुई। परिजनों और ग्रामीणों ने मिलकर रात करीब 1:30 बजे तक उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद परिवार के लोग थक हारकर घर लौट आए और सुबह तक उसके आने की उम्मीद में इंतजार करने लगे।
शुक्रवार सुबह जब गांव के कुछ लोग खेतों की ओर गए, तो उन्होंने बंसी का शव खेत में पड़ा देखा। बच्चे के चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना परिवार को दी। सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक समेत क्षेत्रीय पुलिस और फील्ड यूनिट टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट द्वारा मौके से साक्ष्य एकत्र किए गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नगर पुलिस अधीक्षक आदित्य बंसल ने बताया कि सुबह सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में बच्चे के चेहरे पर चोट के निशान पाए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि बच्चे के लापता होने की सूचना रात में पुलिस को नहीं दी गई थी। फिलहाल पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है। दोषियों की तलाश के लिए सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है।
परिजनों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

Janmat News 
