मुजफ्फरनगर की खालापार पुलिस की बड़ी सफलता, कांवड़िया बनकर मोबाइल चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार
उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के कुशल निर्देशन में जनपद पुलिस को कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी सफलता मिली है।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के कुशल निर्देशन में जनपद पुलिस को कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी सफलता मिली है। थाना खालापार पुलिस ने कांवड़िया बनकर श्रद्धालुओं के मोबाइल फोन चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को घटना के महज आठ घंटे के भीतर गिरफ्तार कर चोरी की घटना का सफल खुलासा किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी छद्म नाम एवं छद्म वेश धारण कर कांवड़ियों की भीड़ में शामिल हो जाते थे और मौका मिलते ही श्रद्धालुओं के मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो जाते थे। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में थाना खालापार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 08 मोबाइल फोन (विभिन्न कंपनियों के), एक काला पीठू बैग, एक आधार कार्ड, एक पैन कार्ड की फोटो कॉपी, 700 रुपये नकद, एक बड़ा जैक, बिजली का तार तथा एक अदद चाकू बरामद किया गया है। पुलिस बरामद मोबाइलों के वास्तविक स्वामियों की पहचान करने में जुटी है।
कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसएसपी संजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में जनपद पुलिस लगातार सक्रिय है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी, सघन चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है, जिसके चलते अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि यात्रा के दौरान अपने कीमती सामान की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।


