प्रतापगढ़: मायके आई नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, फंदे से लटका मिला शव; घर में मचा कोहराम
उप्र के प्रतापगढ़ जिले के लालगंज कोतवाली सरायलालमती गांव में अपने पिता के घर मायके आई 21 वर्षीय नवविवाहिता की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जिले के लालगंज कोतवाली सरायलालमती गांव में अपने पिता के घर मायके आई 21 वर्षीय नवविवाहिता की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
सुबह करीब पांच बजे परिजनों ने उसे फंदे से लटका देखा तो आनन-फानन में नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची लालगंज पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए।
मृतका निशा पुत्री गोपी वर्मा निवासी सराय लालमति ग्रामसभा थी। उसके पिता गोपी वर्मा खेती-किसानी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। निशा की शादी 29 जुलाई को घुइसरनाथ मंदिर में कमायनपुर निवासी रामू वर्मा पुत्र बाबूलाल के साथ हुई थी। परिजनों के मुताबिक शादी के बाद वह दो बार ही ससुराल गई थी।
इसके बाद गुड़िया और रक्षाबंधन के अवसर पर वह अपने पिता के घर सराय लालमति मायके आई थी। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे परिजनों की नजर निशा पर पड़ी तो घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने उसे तत्काल नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
ग्रामीणों की सूचना पर लालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। निशा चार भाइयों और दो बहनों में थी। उसके भाइयों में भीम पटेल, दिलीप, कैलाश और निखिल हैं। भीम, दिलीप और कैलाश विवाहित हैं। बहन रेशम भी विवाहित है।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। लालगंज कोतवाल आलोक कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर और अन्य जानकारी मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।







