कन्नौज में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, तीन वर्षीय बच्ची के अपहरण का आरोपी पैर में गोली लगने से घायल

तीन वर्षीय मासूम बच्ची के अपहरण के आरोपी युवक से पुलिस की मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

कन्नौज में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, तीन वर्षीय बच्ची के अपहरण का आरोपी पैर में गोली लगने से घायल
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

कन्नौज से अश्वनी पाठक की रिपोर्ट — 

कन्नौज/जनमत न्यूज। जनपद में तीन वर्षीय मासूम बच्ची के अपहरण के आरोपी युवक से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामला गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र का बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार डुडबा बुजुर्ग गांव की तीन वर्षीय बच्ची को एक युवक गलत नियत से उठाकर ले गया था। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने बच्ची की तलाश शुरू कर दी।

इस मामले में दीपक चौधरी और जय प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही थी।

दूसरे दिन एच एम डिग्री कॉलेज के पीछे झाड़ियों के पास संदिग्ध अवस्था में बोरे में बंद बच्ची जिंदा मिली, जिसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली और उसे सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी। इसी दौरान पुलिस की आरोपी युवक से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार घिरता देख आरोपी ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई और उसे पकड़ लिया गया।

विनोद कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। उसने बताया कि बच्ची को गलत नियत से उठाया था, लेकिन पुलिस के डर से उसे जिंदा ही बोरे में बंद कर कॉलेज के पीछे झाड़ियों में फेंक दिया और फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी का मोबाइल भी जब्त कर लिया है, जिसकी जांच में उसमें अश्लील वीडियो डाउनलोड पाए गए हैं। आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जा रही है।