श्रीकृष्ण जन्मभूमि मामले को लेकर राष्ट्रपति को सौंपा गया ज्ञापन

न्यास की ओर से राष्ट्रपति से अनुरोध किया गया है कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर में प्रतिदिन नियमित रूप से भोग अर्पित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि पूजा-पाठ की व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके

श्रीकृष्ण जन्मभूमि मामले को लेकर राष्ट्रपति को सौंपा गया ज्ञापन
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट —

मुजफ्फरनगर / जनमत न्यूज। श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के पदाधिकारियों द्वारा राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर में भगवान श्रीकृष्ण को नियमित रूप से भोग अर्पित किए जाने की मांग की गई है।

न्यास के पदाधिकारियों ने अपने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़ा मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने बताया कि मुगल काल में मंदिर को क्षति पहुंचाए जाने के बाद वर्तमान स्थिति उत्पन्न हुई, जिसको लेकर न्यायिक प्रक्रिया चल रही है।

ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि न्यास से जुड़े संत दीनेश फलाहारी महाराज पिछले चार वर्षों से केवल फलाहार ग्रहण कर रहे हैं। उनका संकल्प है कि जब तक भगवान श्रीकृष्ण को विधिवत भोग नहीं लगाया जाएगा, तब तक वे अन्न ग्रहण नहीं करेंगे।

न्यास की ओर से राष्ट्रपति से अनुरोध किया गया है कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर में प्रतिदिन नियमित रूप से भोग अर्पित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि पूजा-पाठ की व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके और श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान बना रहे। इस ज्ञापन पर न्यास के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सिद्धार्थ भट्टाचार्य और प्रदेश अध्यक्ष योगेश वर्मा के हस्ताक्षर हैं।