मिर्जापुर: दुर्लभ वन्य जीव पैंगोलिन देख सहमे ग्रामीण, वन विभाग की टीम ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

उप्र के मिर्जापुर जनपद में दुर्लभ वन्य जीव पैंगोलिन मिलने से एक बार पुनः विंध्य क्षेत्र में दुर्लभ वन्य जीवों की मौजूदगी पर मुहर लगाते हुए संरक्षण पर चिंता जताई गई है।

मिर्जापुर: दुर्लभ वन्य जीव पैंगोलिन देख सहमे ग्रामीण, वन विभाग की टीम ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
Published By- Diwaker Mishra

मिर्जापुर से आनन्द तिवारी की रिपोर्ट

मिर्जापुर/जनमत न्यूज़। उप्र के मिर्जापुर जनपद में दुर्लभ वन्य जीव पैंगोलिन मिलने से एक बार पुनः विंध्य क्षेत्र में दुर्लभ वन्य जीवों की मौजूदगी पर मुहर लगाते हुए संरक्षण पर चिंता जताई गई है।

जानकारी के मुताबिक लालगंज थाना क्षेत्र के मुरघुरा गांव में रविवार की देर रात बचनी कोल के घर में दुर्लभ पैंगोलिन घुसने से बच्चों और महिलाओं में हड़कंप मच गया। घर में अचानक पहुंचे इस अनजान जीव को देखकर परिजन भयभीत हो गए और शोर मचाने लगे थे।

शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। लोगों को देखते ही पैंगोलिन ने खुद को गेंद की तरह गोल कर लिया। मामले की सूचना वन विभाग को दी गई।

सूचना मिलते ही रेंजर श्रवण कुमार यादव, डिप्टी रेंजर वीरेंद्र यादव, पिंटू लालर यादव, राजदीप वर्मा और शिव शंकर तिवारी की टीम मौके पर पहुंची। वनकर्मियों ने सावधानीपूर्वक पैंगोलिन को पकड़ लिया। इसके बाद उसे लालगंज वन क्षेत्र के कुशियरा जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया।

पैंगोलिन के घर में पहुंचने की खबर आसपास के क्षेत्र में फैल गई थी। उसे देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को वन्य जीवों से दूरी बनाए रखने और ऐसे जीव दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की सलाह दी है।

वहीं इस संदर्भ में विंध्य बचाओ अभियान से जुड़े हुए देवादित्यों सिन्हा ने बताया कि पैंगोलिन दुर्लभ वन्य जीव और शर्मिला किस्म को विलुप्त होता जीव है जो किसी आहट की स्थिति में पूरी तरह से गोल गेंद का रुप लेकर सावधान की मुद्रा में हो जाता है।

उनके मुताबिक विंध्य क्षेत्र ख़ासकर विंध्य क्षेत्र इन जीवों का सुरक्षित बसेरा रहा है जो जंगलों पहाड़ों के नष्ट होने के कारण विलुप्त होते आए हैं। जिनके संरक्षण की ज़रुरत है।