मुख्यमंत्री योगी से नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमलता सिंह एवं विशाल सिंह ने की शिष्टाचार भेंट
बैठक में सई नदी पर बेल्हा देवी मंदिर से सच्चा बाबा आश्रम घाट तक फुट ओवर ब्रिज (FOB) निर्माण का प्रस्ताव रखा गया।

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज। नगर पालिका परिषद प्रतापगढ़ की अध्यक्ष प्रेमलता सिंह एवं प्रतिनिधि विशाल सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान नगर के सर्वांगीण विकास से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में सई नदी पर बेल्हा देवी मंदिर से सच्चा बाबा आश्रम घाट तक फुट ओवर ब्रिज (FOB) निर्माण का प्रस्ताव रखा गया। यह पुल श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन की सुविधा प्रदान करेगा और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
नगर पालिका के कर्मचारियों की बकाया पेंशन भुगतान की समस्या पर भी मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित कराया गया। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण व पुनर्निर्माण कार्यों के चलते स्थानीय व्यापारियों को हो रही परेशानियों का मुद्दा भी प्रमुखता से रखा गया।
प्रतिनिधियों ने सुझाव दिया कि प्रभावित व्यवसायिक भवनों को 'मुस्कान योजना' में स्थानांतरित किया जाए, जिससे व्यापार प्रभावित न हो। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी विषयों को गंभीरता से सुना और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
नगर अध्यक्ष प्रेमलता सिंह ने कहा, "हमारी प्राथमिकता नगर बेल्हा का समग्र विकास है, जिसमें श्रद्धालुओं की सुविधा, कर्मचारियों का कल्याण और व्यापारियों के हित सर्वोपरि हैं।"