संभल: कल्कि धाम पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम को जान से मारने की धमकी, आया धमकी भरा ऑडियो संदेश
उप्र के संभल के श्री कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। धमकी भरे ऑडियो संदेश एक विदेशी नंबर से भेजे जाने की बात सामने आई है।
संभल से रामव्रेश यादव की रिपोर्ट
संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल के श्री कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। धमकी भरे ऑडियो संदेश एक विदेशी नंबर से भेजे जाने की बात सामने आई है।
श्री कल्कि धाम की ओर से इस मामले में संभल के पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर आचार्य प्रमोद कृष्णम और पूरे धाम परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता किए जाने की मांग की गई है।
जानकारी के मुताबिक संभल के एंचोड़ा कंबोह स्थित श्री कल्कि धाम निर्माण ट्रस्ट की ओर से आचार्य प्रमोद कृष्णम को जान से मारने की धमकी मिलने का दावा किया गया है। ट्रस्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर-कमलों से श्री कल्कि भगवान के मंदिर के शिलान्यास और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी के बाद कल्कि धाम का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।
देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंच रहे हैं। ट्रस्ट के अध्यक्ष आचार्य प्रमोद कृष्णम को निर्माण कार्य के प्रचार-प्रसार और जनसहयोग के लिए उत्तर प्रदेश समेत देश के अन्य राज्यों में लगातार भ्रमण करना पड़ता है।
ट्रस्ट के मुताबिक, कल्कि धाम में गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज, भगवान महावीर और भगवान बुद्ध के मंदिर भी प्रस्तावित हैं। ट्रस्ट का कहना है कि सनातन धर्म की एकता के उद्देश्य से इन मंदिरों का निर्माण प्रस्तावित किया गया है।
इसी बीच ट्रस्ट ने दावा किया है कि आचार्य प्रमोद कृष्णम को अलग-अलग निजी नंबरों से धमकियां मिल रही हैं। ट्रस्ट के अनुसार, 24 सितंबर की रात +1 से शुरू होने वाले एक नंबर से आचार्य प्रमोद कृष्णम के निजी मोबाइल नंबर पर दो ऑडियो संदेश भेजे गए।
ट्रस्ट का दावा है कि ऑडियो में एक व्यक्ति ने अपना नाम कुलबीर सिंह सिद्धू बताया और खुद को एक खतरनाक संगठन का आतंकवादी बताते हुए जान से मारने की धमकी दी। ऑडियो में जालंधर बम विस्फोट में हाथ होने का भी दावा किए जाने की बात कही गई है।
ऑडियो संदेश में कथित तौर पर आचार्य प्रमोद कृष्णम को अपने कार्य बंद करने की धमकी दी गई। संदेश में कहा गया-“अपना ये पाखंड फैलाना बंद कर दो, वरना तुम्हें किसी दिन भी उड़ा दिया जाएगा। तुम्हारी जिंदगी के दिन थोड़े ही बचे हैं।”
ट्रस्ट ने इन धमकी भरे ऑडियो संदेशों को गंभीर बताते हुए आचार्य प्रमोद कृष्णम और श्री कल्कि धाम की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। हालांकि, ऑडियो में किए गए दावों और धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।



