कौशाम्बी में रिश्तों का कत्ल, रुपयों के विवाद में बेटे ने की पिता की हत्या; आरोपी गिरफ्तार
उप्र के कौशाम्बी जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाले हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। जमीन बेचने से मिले रुपयों के विवाद में बेटे ने अपने ही पिता को गोली मार दी थी
कौशाम्बी से राहुल भट्ट की रिपोर्ट
कौशाम्बी/जनमत न्यूज़। उप्र के कौशाम्बी जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाले हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। जमीन बेचने से मिले रुपयों के विवाद में बेटे ने अपने ही पिता को गोली मार दी थी, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस ने 15 हजार रुपये के इनामी आरोपी को घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
मामला मंझनपुर थाना क्षेत्र के छित्तूपुर मजरा कैनी गांव का है। 15 जून को जिलाधिकारी कार्यालय में कार्यरत रामनरेश अपने बेटे राहुल के साथ ड्यूटी पर जा रहे थे।
आरोप है कि जमीन बेचने से मिले पैसों को लेकर चल रहे विवाद के बीच राहुल ने रास्ते में ही अपने पिता पर जानलेवा फायरिंग कर दी। गंभीर हालत में उन्हें पहले जिला अस्पताल और फिर एसआरएन प्रयागराज रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कई टीमें गठित की गईं और आरोपी पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस और सर्विलांस टीम ने हाजीपुर-पतौना रोड स्थित इलियास की प्लाटिंग के पास से आरोपी राहुल कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस भी बरामद हुआ है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धाराएं बढ़ाते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कौशाम्बी में एक बार फिर पैसों के लालच ने रिश्तों का खून कर दिया। जमीन के रुपयों के विवाद में बेटे ने अपने ही पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना सवाल खड़े करती है कि आखिर संपत्ति की चाह में रिश्तों की अहमियत क्यों खत्म होती जा रही है।


