रायबरेली में दिल दहला देने वाली वारदात, नशे में धुत युवक ने कुल्हाड़ी से की दादी की हत्या
रायबरेली जनपद से एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया है। शिवगढ़ थाना क्षेत्र के किशनखेड़ा मजरे रानीखेड़ा गांव में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया।
रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट
रायबरेली /जनमत न्यूज। उप्र के रायबरेली जनपद से एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया है। शिवगढ़ थाना क्षेत्र के किशनखेड़ा मजरे रानीखेड़ा गांव में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया।
बताया जा रहा है कि बीती रात करीब 60 वर्षीय तारावती और उनके पोते सोनू रैदास के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। उस वक्त आरोपी नशे की हालत में था और लगातार गाली-गलौज कर रहा था।
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने आपा खो दिया और घर में रखी कुल्हाड़ी से तारावती पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
घटना की सूचना डायल 112 के जरिए पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही शिवगढ़ पुलिस टीम मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सोनू को हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति नहीं है और शांति व्यवस्था पूरी तरह से कायम है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Janmat News 
