संभल: होटल के कमरे में युवक की संदिग्ध मौत, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य; पुलिस ने शुरू की जांच

उप्र के संभल जिले के चंदौसी क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक होटल के बंद कमरे में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया।

संभल: होटल के कमरे में युवक की संदिग्ध मौत, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य; पुलिस ने शुरू की जांच
Published By- Diwaker Mishra

संभल से रामव्रेश यादव की रिपोर्ट

संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जिले के चंदौसी क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक होटल के बंद कमरे में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

मामला जनपद संभल के बनियाठेर थाना क्षेत्र के ग्राम आटा स्थित एक होटल का है। जानकारी के अनुसार चंदौसी के गोलघर निवासी 41 वर्षीय अनुभव अग्रवाल, पुत्र सोमेश अग्रवाल, शनिवार को होटल में कमरा बुक कर ठहरे थे। रविवार शाम करीब छह बजे तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर होटल प्रबंधन को संदेह हुआ।

काफी देर तक कमरे से कोई गतिविधि न होने पर होटल कर्मचारियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बनियाठेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खोला गया तो अनुभव अग्रवाल अचेत अवस्था में पड़े मिले।

जांच करने पर उनकी मौत की पुष्टि हुई,घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। वहीं होटल परिसर में भी लोगों की भीड़ जमा हो गई।

पुलिस ने पूरे घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने होटल के कमरे का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।

फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने कमरे के भीतर मौजूद वस्तुओं और परिस्थितियों का गहन अध्ययन कर नमूने भी जुटाए। अपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप कुमार ने बताया की अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया  है। अधिकारियों कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

फिलहाल पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है, होटल के बंद कमरे में युवक की संदिग्ध मौत कई सवाल खड़े कर रही है। आखिर युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका जवाब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई है।