औरैया: भोले-भाले लोगों को झांसा देकर फर्जी सिमकार्ड बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
उप्र के औरैया जनपद में फर्जी सिमकार्ड निकालने और बेचने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। थाना ऐरवाकटरा, दिबियापुर और कोतवाली औरैया की संयुक्त पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया.
औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट
औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद में फर्जी सिमकार्ड निकालने और बेचने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। थाना ऐरवाकटरा, दिबियापुर और कोतवाली औरैया की संयुक्त पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया, जिसमें तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने गुरुवार शाम इसकी जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि 8 जनवरी को वांछितों की गिरफ्तारी और फर्जी सिमकार्ड/पीओएस सत्यापन पर अंकुश लगाने के लिए एक अभियान चलाया जा रहा था।
इसी दौरान पुलिस टीमों को सूचना मिली कि कुछ लोग भोले-भाले और अनपढ़ नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का लालच देते हैं। वे उनकी तस्वीरें खींचकर और अंगूठा लगवाकर उनके नाम से फर्जी सिमकार्ड निकलवा लेते थे।
सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। थाना दिबियापुर पुलिस ने अभियुक्त आलोक कुमार के कब्जे से वोडाफोन, जियो और एयरटेल कंपनियों के कुल 9 फर्जी सिमकार्ड बरामद किए।
वहीं, थाना कोतवाली औरैया पुलिस ने अभियुक्त प्रदीप पोरवाल के पास से एयरटेल कंपनी के 2 फर्जी सिमकार्ड जब्त किए। बरामदगी के आधार पर अभियुक्तों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान प्रदीप पोरवाल (पुत्र भगवानदीन पोरवाल, निवासी मोहल्ला गोविन्द नगर, थाना कोतवाली औरैया), आलोक कुमार (पुत्र विजय कुमार, निवासी ग्राम उमरी, थाना दिबियापुर, जनपद औरैया) और दिपांशु तिवारी (पुत्र उमेश चन्द्र, निवासी ग्राम रामायन, थाना ऐरवाकटरा) के रूप में हुई है।
पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे योजनाबद्ध तरीके से भोले-भाले लोगों को सरकारी योजनाओं का झांसा देकर उनकी फोटो और अंगूठे के निशान से सिमकार्ड निकलवाते थे। इन फर्जी सिमकार्डों को वे बिना पहचान पत्र के ऊंचे दामों पर बेचकर अवैध मुनाफा कमाते थे।
पुलिस अधीक्षक ने इस प्रकार की गतिविधियों को राष्ट्रीय सुरक्षा और साइबर अपराधों की दृष्टि से अत्यंत गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि जनपद में फर्जी सिमकार्ड और पीओएस सत्यापन के दुरुपयोग के खिलाफ अभियान सख्ती से जारी रहेगा।

Janmat News 
