मुस्तफिजुर रहमान नहीं होंगे IPL 2026 का हिस्सा, विवाद के बीच BCCI का KKR को निर्देश
BCCI के सचिव देवजीत सैकिया ने आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से बांग्लादेश के खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने के लिए कहा है।
नई दिल्ली/जनमत न्यूज़। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव देवजीत सैकिया ने आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से बांग्लादेश के खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने के लिए कहा है। मुस्तफिजुर को खरीदने पर बॉलीवुड के सुपरस्टार और KKR के मालिक शाह रुख खान की काफी आलोचना की जा रही थी और अब इस मामले को लेकर BCCI भी सामने आया है।
क्यों हो रहा विवाद?
बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर को KKR टीम में शामिल करने पर लगातार विवाद हो रहा था। शाह रुख खान के खिलाफ लगातार बयान दिए जा रहे थे। दरअसल, विवाद की जड़ में बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रही हिंसा की घटनाएं हैं।
हाल के महीनों में बांग्लादेश से आई इन खबरों ने भारत में चिंता बढ़ाई है। इन्हीं घटनाओं का हवाला देते हुए भाजपा और शिवसेना के कई नेताओं ने आईपीएल में बांग्लादेशी खिलाड़ी को खेलने देने पर सवाल खड़े किए थे।
KKR को रिप्लेसमेंट की अनुमति
विवाद को बढ़ता देख BCCI ने इस मामले में हस्तक्षेप किया और KKR को मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने का निर्देश दिया। BCCI के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा, हाल ही में देश भर में चल रहे घटनाक्रमों के मद्देनजर, BCCI ने KKR फ्रेंचाइजी को निर्देश दिया है कि वे अपने एक खिलाड़ी, बांग्लादेश के मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज कर दें। BCCI ने यह भी कहा है कि यदि KKR किसी रिप्लेसमेंट की मांग करता है, तो BCCI उसे इसकी अनुमति देगा।
नीलामी में KKR ने खरीदा था
आईपीएल 2026 के लिए दिसंबर में खिलाड़ियों की मिनी नीलामी हुई थी। इस दौरान KKR ने मुस्तफिजुर को अपनी टीम में खरीदा था। शाहरुख खान की स्वामित्व वाली KKR ने मुस्तफिजुर को लेने के लिए 9.20 करोड़ रुपये खर्च किए थे। मुस्तफिजुर का आधार मूल्य दो करोड़ रुपये था।
मुस्तफिजुर को लेने के लिए KKR और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच होड़ देखने मिली थी और अंत में KKR मोटी कीमत पर इस बांग्लादेशी खिलाड़ी को लेने में सफल रहा था। हालांकि, मुस्तफिजुर को खरीदने के बाद से ही KKR और शाहरुख पर निशाना साधा जाने लगा था।
सात बांग्लादेशी खिलाड़ी नीलामी में थे शामिल
आईपीएल 2026 के लिए हुई मिनी नीलामी में सात बांग्लादेशी खिलाड़ी शामिल थे। इन खिलाड़ियों में रिशाद हुसैन, तस्कीन अहमद, तंजीम हसन साकिब, नाहिद राणा, रकीबुल हसन, मोहम्मद शोरिफुल इस्लाम और मुस्तफिजुर रहमान शामिल थे। इनमें से केवल मुस्तफिजुर को ही खरीदार मिला था।

Janmat News 
