मुजफ्फरनगर: मतदाता सूची में छूटे नाम जुड़वाने के लिए प्रशासन सक्रिय, 28-29 नवंबर को विशेष अभियान
उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर 25 नवंबर 2026 को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुनील कुमार सिंह की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक जिलाधिकारी कक्ष में संपन्न हुई, जिसमें मतदाता सूची को अधिक समावेशी और अद्यतन बनाने को लेकर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि ऐसे पात्र नागरिकों की पहचान कराई जाए, जिनके नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाए हैं या किसी कारणवश छूट गए हैं।
विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवा और महिला मतदाताओं का चिन्हांकन कर फार्म-6 के माध्यम से उनका शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित कराने पर जोर दिया गया।
बैठक में जानकारी दी गई कि निर्वाचन आयोग द्वारा 28 और 29 नवंबर 2026 को विशेष अभियान की तिथियां निर्धारित की गई हैं।
इन दोनों दिनों में बूथ लेवल अधिकारी (BLO) अपने-अपने मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर आम नागरिकों से आवेदन प्राप्त करेंगे। जिन पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं या किन्हीं कारणों से हट गए हैं, वे पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA) को भी विशेष अभियान के दौरान मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहने का अनुरोध किया, ताकि बीएलओ को आवश्यक सहयोग मिल सके और कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी देश दीपक सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कृष्णकान्त विश्वकर्मा सहित भाजपा से ओम प्रकाश उपाध्याय, आम आदमी पार्टी से अजय चौधरी,
कांग्रेस से ममनून अहमद एडवोकेट, समाजवादी पार्टी से पवन बंसल, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) से सुभाष उपाध्याय तथा बहुजन समाज पार्टी से इंतजार अली एवं जी. सिंह बौद्ध उपस्थित रहे।



