मुजफ्फरनगर के भूराहेड़ी बॉर्डर पर शिवभक्तों का भव्य स्वागत, मंत्री व डीएम-एसएसपी ने की पुष्पवर्षा
कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश अंतर्राज्यीय सीमा स्थित भूराहेड़ी चेक पोस्ट पर शिवभक्तों के स्वागत का भक्तिमय नजारा देखने को मिला।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश अंतर्राज्यीय सीमा स्थित भूराहेड़ी चेक पोस्ट पर शिवभक्तों के स्वागत का भक्तिमय नजारा देखने को मिला।
उप्र सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने भूराहेड़ी चेक पोस्ट पहुंचकर कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था, बैरियर एवं चेकिंग व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा कांवड़ियों के सुगम आवागमन का जायजा लिया। ड्यूटी पर तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों को पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान अधिकारियों ने प्रदेश की सीमा में प्रवेश कर रहे शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। स्वागत से अभिभूत शिवभक्तों ने भी “बम-बम भोले” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा स्वयं कांवड़ मार्ग पर खड़े होकर जनपद में प्रवेश करने वाले शिवभक्तों का स्वागत करते नजर आए। उन्होंने श्रद्धालुओं से संवाद किया, उनका हालचाल जाना और सभी को सुरक्षित एवं मंगलमय कांवड़ यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
बारिश और कठिन परिस्थितियों के बीच भी प्रशासन और पुलिस की सक्रियता लगातार जारी है। शिवभक्तों की सुरक्षा, सुविधा और सुगम यात्रा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मुजफ्फरनगर पुलिस एवं प्रशासन पूरी मुस्तैदी से कांवड़ मार्ग पर तैनात है।




