एटा: शराब पीने से तीन युवकों की संदिग्ध मौत, गांव में मचा कोहराम; घटनास्थल पर पहुंचे डीएम-एसपी

उप्र के एटा जिले के निधौली कलां थाना क्षेत्र के किशोरपुर गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में तीन युवकों की मौत से हड़कंप मच गया। तीनों युवक एक ही गांव के रहने वाले और आपस में दोस्त बताए जा रहे हैं।

एटा: शराब पीने से तीन युवकों की संदिग्ध मौत, गांव में मचा कोहराम; घटनास्थल पर पहुंचे डीएम-एसपी
Published By- Diwaker Mishra

एटा से नंदकुमार की रिपोर्ट 

एटा/जनमत न्यूज़। उप्र के एटा जिले के निधौली कलां थाना क्षेत्र के किशोरपुर गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में तीन युवकों की मौत से हड़कंप मच गया। तीनों युवक एक ही गांव के रहने वाले और आपस में दोस्त बताए जा रहे हैं।

परिजनों और परिचितों के मुताबिक, तीनों ने गांव के प्राथमिक विद्यालय में एक साथ बैठकर शराब पी थी। इसके कुछ देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर उन्हें उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही तीनों की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

मृतकों की पहचान शिवा कुमार, जीतू और अजीत के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, तीनों अलग-अलग परिवारों से ताल्लुक रखते थे। इनमें शिवा कुमार कक्षा 12 का छात्र था, जबकि जीतू की शादी हो चुकी थी और उसका करीब दो माह का बच्चा है। तीसरा युवक अजीत बाहर काम करता था।

मृतकों के परिचित ने बताया कि तीनों युवक गांव के प्राथमिक विद्यालय के समीप समर के पास बैठकर शराब पी रहे थे। उनके पास शराब की दो बोतलें थीं, जिन्हें किसी परिचित के लाकर देने की बात सामने आई है।

शराब पीने के बाद एक युवक ने कानों में सीटी बजने जैसी परेशानी होने की बात कही थी। इसके बाद तीनों की तबीयत बिगड़ गई। परिचितों के मुताबिक, उन्हें अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

वहीं, परिजनों ने भी बताया कि तीनों को गांव में एक स्थान से उठाकर उपचार के लिए ले जाया गया था। बातचीत में संदिग्ध शराब पीने की बात सामने आई है। हालांकि, शराब कहां से खरीदी गई थी और उसमें क्या मिलावट थी, इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी एम. अरुण मौली और पुलिस अधीक्षक इलामारन जी. घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

तीनों युवकों की मौत के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि तीनों ने कौन सी शराब पी थी, उसे कहां से खरीदा गया था और शराब की आपूर्ति किसने की थी।

फिलहाल तीनों युवकों की मौत के मामले में जांच जारी है। संदिग्ध शराब से मौत की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही होगी।