फर्रुखाबाद में फिर मिला नवजात का शव, 24 घंटे में दूसरी घटना से हड़कंप; पुलिस कर रही जांच
उप्र के फर्रुखाबाद जनपद के फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब मसेनी चौराहे के पास एक नवजात शिशु मृत अवस्था में मिला।
फर्रुखाबाद से वरुण दुबे की रिपोर्ट
फर्रुखाबाद/ जनमत न्यूज़। उप्र के फर्रुखाबाद जनपद के फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब मसेनी चौराहे के पास एक नवजात शिशु मृत अवस्था में मिला। यह स्थान वह है जहां से छिबरामऊ बस अड्डे की ओर जाने वाली प्राइवेट बसें खड़ी होती हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नवजात खाली प्लाट में पड़ा था और आसपास खून के निशान भी दिखाई दे रहे थे। मसेनी चौराहे पर चाय की दुकान संचालित करने वाले सुधीर सुबह करीब पांच बजे दुकान खोलने पहुंचे तो उन्होंने नवजात को पड़ा देखा। उन्होंने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। नवजात मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पूर्व शनिवार को भी फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के भोलेपुर इलाके में कूड़ेदान में एक कन्या भ्रूण मिला था। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुत्तों द्वारा उसे बाहर खींच लिया गया था। पुलिस ने उस मामले में भी पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू की थी। लगातार दो दिनों में दो मासूम मिलने की घटनाओं से क्षेत्र में चिंता और आक्रोश का माहौल है।

Janmat News 
