मुज़फ्फरनगर: भाजपा सरकार में राज्यपाल की ज़मीन पर कब्ज़े का आरोप, किसानों ने किया ज़ोरदार विरोध प्रदर्शन

उप्र के मुज़फ्फरनगर जिले के थाना पुरकाजी क्षेत्र में कैम्पा कोला फैक्ट्री मालिक पर उत्तर प्रदेश के राज्यपाल की ज़मीन कब्ज़ा करने का बड़ा आरोप लगा है।

मुज़फ्फरनगर: भाजपा सरकार में राज्यपाल की ज़मीन पर कब्ज़े का आरोप, किसानों ने किया ज़ोरदार विरोध प्रदर्शन
Published By- Diwaker Mishra

मुज़फ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट  

मुज़फ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुज़फ्फरनगर जिले के थाना पुरकाजी क्षेत्र में कैम्पा कोला फैक्ट्री मालिक पर उत्तर प्रदेश के राज्यपाल की ज़मीन कब्ज़ा करने का बड़ा आरोप लगा है। स्थानीय किसानों से लीज पर ली गई ज़मीन पर भी कोका कोला फैक्ट्री पर ज़मीन कब्ज़ाने का किसानों ने आरोप लगाया है।

उक्त गंभीर मामले को लेकर भारतीय किसान यूनियन (तोमर) किसानो के हक अधिकारों की लड़ाई को लेकर मैदान मे उतरी है और ज़ोरदार विरोध प्रदर्शन किया है।

जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के जनपद मुज़फ्फरनगर मे थाना पुरकाजी क्षेत्र अंतर्गत नहर की पटरी पर स्थित ग्राम सुवाहेड़ी मजरा मे स्थित कैम्पा कोला फैक्ट्री द्वारा किसानो एंव राज्यपाल की कई बीघा ज़मीन कब्ज़ा किए जाने के खिलाफ रविवार को किसानों ने ज़ोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

किसानों का आरोप है कि फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा उनकी कृषि भूमि को किराये पर लेकर उस पर अवैध रूप से कब्जा किया गया है, जिस को लेकर स्थानीय किसान लंबे समय से परेशान हैं।

प्रदर्शन कर रहे किसानों ने बताया कि नहर की पटरी से सटी उनकी पुश्तैनी ज़मीन पर बिना सहमति के फैक्ट्री से जुड़ा अवैध निर्माण कार्य किया गया है। कई बार शिकायत के बावजूद जिला प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई किसानो के हित मे नहीं की गई, जिससे किसानों में भारी रोष व्याप्त है।

मौक़े पर स्थानीय किसानों ने नारेबाज़ी की और ज़मीन से अवैध कब्जा हटाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज़ किया जाएगा। वहीं फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।