रायबरेली: लालगंज में भीषण सड़क हादसा, दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो की मौत; दो गंभीर
रायबरेली जिले के लालगंज क्षेत्र अंतर्गत दो सड़का के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दो बाइकों की आमने-सामने हुई जबरदस्त टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई
रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट
रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के रायबरेली जिले के लालगंज क्षेत्र अंतर्गत दो सड़का के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दो बाइकों की आमने-सामने हुई जबरदस्त टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मृतकों की पहचान तेजा पुत्र छेदी लाल निवासी राउतपुर सरेनी और महेंद्र सिंह पुत्र राम राज सिंह भदौरिया निवासी पाहो, थाना खीरों के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महेंद्र सिंह अंतिम संस्कार में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे, जबकि तेजा अपने दो साथियों के साथ एक ही बाइक से लालगंज से सरेनी की ओर जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो सड़का के पास अचानक सामने आए ई-रिक्शा को बचाने के प्रयास में दोनों मोटरसाइकिलें आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि तेजा और महेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तेजा के साथ बाइक पर सवार राम प्रसाद और धुन्नर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज भिजवाया। वहीं दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Janmat News 
