उरई: SIR अभियान में DM ने 100 से अधिक बूथों का किया निरीक्षण, युवाओं से नाम दर्ज कराने की अपील
उप्र के उरई जनपद में विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आज जनपद के सभी 1624 मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान आयोजित किया गया।
उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट
उरई/जन्मत न्यूज़। उप्र के उरई जनपद में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के अंतर्गत आज जनपद के सभी 1624 मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान आयोजित किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने स्वयं अभियान की प्रगति का जायजा लेने के लिए जनपद के लगभग 100 से अधिक बूथों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीएलओ की उपस्थिति, मतदाता सूची के प्रदर्शन, प्राप्त प्रपत्रों की प्रविष्टि तथा व्यवस्थाओं की स्थिति का अवलोकन किया और आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन अथवा विलोपन से संबंधित प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं विधिसम्मत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए,
ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित करना है।
उन्होंने जनसामान्य से अपील की कि वे अपने-अपने बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें। यदि किसी मतदाता का नाम सूची में अंकित नहीं है तो वह प्रपत्र-6 के माध्यम से नया नाम जोड़ने हेतु आवेदन कर सकता है।
नाम विलोपन या आपत्ति हेतु प्रपत्र-7 तथा प्रविष्टियों में संशोधन/स्थानांतरण हेतु प्रपत्र-8 का उपयोग किया जा सकता है। ये सभी प्रपत्र ऑनलाइन पोर्टल voters.eci.gov.in एवं संबंधित बीएलओ के माध्यम से ऑफलाइन भी उपलब्ध हैं।
उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से आह्वान किया कि जो नागरिक 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं अथवा वर्ष 2026 की आगामी अर्हता तिथियों 01 अप्रैल, 01 जुलाई या 01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष पूर्ण करने वाले हैं, वे अग्रिम दावा प्रस्तुत कर लोकतंत्र की इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया से जुड़ें। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार आदि अधिकारी मौजूद रहे।

Janmat News 
