उरई: पति की मौत को बताया हत्या, डीएम-एसपी को सौंपा ज्ञापन; लगाई न्याय की गुहार
उप्र के उरई जनपद के कुठौंद थाना क्षेत्र के लोहई दिवारा गांव निवासी वीनू तिवारी ने अपने पति विनय कुमार तिवारी की मौत के मामले में गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है।
उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट
उरई/जनमत न्यूज़। उप्र के उरई जनपद के कुठौंद थाना क्षेत्र के लोहई दिवारा गांव निवासी वीनू तिवारी ने अपने पति विनय कुमार तिवारी की मौत के मामले में गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता के अनुसार, 21 अगस्त की शाम करीब सात बजे उसके पति पुष्पांजलि गेस्टहाउस के सामने से जा रहे थे। इसी दौरान बोलेरो सवार तीन लोगों ने कथित रूप से पुरानी रंजिश के चलते उन्हें वाहन से टक्कर मार दी। आरोप है कि गंभीर हालत में वाहन से घसीटे जाने के कारण उनके पति को कई चोटें आईं। उन्हें उपचार के लिए कानपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
वीनू तिवारी का आरोप है कि घटना की शिकायत कुठौंद थाने में की गई, लेकिन पुलिस ने उसकी शिकायत के मुताबिक हत्या की रिपोर्ट दर्ज नहीं की। पीड़िता ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि मामले में आरोपियों को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
पीड़िता ने डीएम व एसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने तथा नामजद आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई कराने की मांग की है।




