उरई: रिटायर्ड रेलकर्मी के घर लूट करने वाले बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, एक गिरफ्तार; दो ने किया आत्मसर्पण

उप्र के उरई जनपद की कोंच कोतवाली क्षेत्र में रिटायर्ड रेलवे कर्मी और उसकी पत्नी को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई।

उरई: रिटायर्ड रेलकर्मी के घर लूट करने वाले बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, एक गिरफ्तार; दो ने किया आत्मसर्पण
Published By- Diwaker Mishra

उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट

उरई/जनमत न्यूज़। उप्र के उरई जनपद की कोंच कोतवाली क्षेत्र में रिटायर्ड रेलवे कर्मी और उसकी पत्नी को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक बदमाश रवि अहिरवार के पैर में गोली लगी, जबकि दो अन्य बदमाशों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर एसओजी, सर्विलांस टीम और कोंच कोतवाली पुलिस द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान अंडा-बिरगुवां गांव रोड पर संदिग्ध बदमाशों से पुलिस का सामना हो गया।

पुलिस का दावा है कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग की। जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में दो राउंड फायर किए, जिसमें एक बदमाश रवि अहिरवार  के पैर में गोली लग गई। वहीं, दो बदमाशों ने पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने के डर से आत्मसमर्पण कर दिया।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से एक ई-रिक्शा, करीब 35 हजार रुपये की नगदी तथा सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।

बताया जा रहा है कि जन्माष्टमी की रात 4/5 सितंबर को बदमाशों ने रिटायर्ड रेलवे कर्मी और उसकी पत्नी को बंधक बनाकर घर में लूट की वारदात को अंजाम दिया था। बदमाश घर से जेवरात और नगदी लूटकर फरार हो गए थे।

घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक आईपीएस डॉ. ईशान सोनी और सीओ परमेश्वर प्रसाद मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में मामले की जांच की जा रही है। पुलिस अब गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ कर वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

अपर पुलिस अधीक्षक डॉक्टर ईशान सोनी ने बताया कि जब पुलिस को सूचना दी गई तो ई-रिक्शा पर तीन बदमाश थे एसओजी एवं थाना पुलिस की दविश के वक्त भी तीन में से दो ने अपने आप को पुलिस के हवाले कर दिया।

एक बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी जिसके जबाव में पुलिस की फायरिंग हुई तो रवि अहिरवार नामक बदमाश के घायल हो गया।