आम के बाग में पड़ा मिला अज्ञात युवक का शव
हरदोई (जनमत) :- यूपी हरदोई जिले के कछौना कोतवाली क्षेत्र के पतसेनी देहात इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब रेलवे लाइन के किनारे स्थित एक आम के बाग में एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। शव काफी पुराना होने के कारण सड़-गल चुका था, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अमित सिंह और सीओ बघौली प्रवीण सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि मौत कई दिन पहले हुई है। मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष के आसपास बताई जा रही है।
मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई, लेकिन शव की स्थिति खराब होने के कारण अभी तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। बाग में शव मिलने की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। कोई इसे हत्या मान रहा है तो कोई कुछ और, हालांकि पुलिस अभी कुछ भी साफ कहने से बच रही है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। सीओ प्रवीण सिंह ने बताया कि युवक की पहचान की कोशिश की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा।

Janmat News 
