राम सागर मिश्रा संयुक्त चिकित्सालय में कूल्हा प्रत्यारोपण कर किया नया कीर्तिमान स्थापित
अस्पताल के डॉक्टरों ने पहली बार कूल्हा प्रत्यारोपण कर चिकित्सा क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया। ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा और मरीज की हालत स्थिर बताई जा रही है।

लखनऊ/जनमत न्यूज। बक्शी का तालाब स्थित राम सागर मिश्रा संयुक्त चिकित्सालय में कूल्हा प्रत्यारोपण (Hip Replacement) की सुविधा शुरू हो गई है। शुक्रवार को अस्पताल के डॉक्टरों ने पहली बार कूल्हा प्रत्यारोपण कर चिकित्सा क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया। ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा और मरीज की हालत स्थिर बताई जा रही है।
मामला बाराबंकी के ग्राम कोढ़वा निवासी कल्लू पांडेय का है, जिन्हें कूल्हे में गंभीर चोट लगी थी। परिजन उन्हें राम सागर मिश्रा अस्पताल लाए, जहां हड्डी रोग विभाग के डॉ. अशोक कुमार ने जांच की। रेडियोलॉजी रिपोर्ट में दाहिनी ओर का कूल्हा फ्रैक्चर पाया गया। डॉक्टरों ने बाईपोलर कूल्हा प्रत्यारोपण की सलाह दी, जिसे परिवार ने स्वीकार कर लिया।
डॉ. अशोक कुमार, डॉ. यूएस लाल, डॉ. सुमित महराज की टीम ने सफल ऑपरेशन किया। एनेस्थीसिया विभाग से डॉ. अंशु व डॉ. फहीम ने सहयोग किया। सीएमएस डॉ. वीके शर्मा ने बताया कि ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत में सुधार है।
डॉ. शर्मा ने कहा कि अस्पताल में लगातार सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं, जिससे ओपीडी और भर्ती मरीजों की संख्या में तेजी से वृद्धि हो रही है। पिछले महीने ओपीडी में 34% और पैथोलॉजी जांच में 22% की बढ़ोतरी हुई है। लक्ष्य है कि दूर-दराज के मरीजों को भी बेहतर इलाज मिल सके।