IPL से निकाले गए मुस्तफिजुर रहमान पर पाकिस्तान मेहरबान, PSL में मिलेगा मौका
BCCI ने 4 जनवरी को आधिकारिक तौर पर बांग्लादेश के पेसर मुस्तफिजुर रहमान को IPL 2026 से बाहर किए जाने की जानकारी सार्वजनिक की थी।
इस्लामाबाद/जनमत न्यूज़। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 4 जनवरी को आधिकारिक तौर पर बांग्लादेश के पेसर मुस्तफिजुर रहमान को IPL 2026 से बाहर किए जाने की जानकारी सार्वजनिक की थी।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को भी सूचित कर दिया गया था कि कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर रही है। KKR ने इस बांग्लादेशी प्लेयर को 9 करोड़ 20 लाख रुपये की भारी भरकम राशि में खरीदा था।
वे बांग्लादेश के सबसे महंगे प्लेयर बन गए थे, जो IPL खेलने वाले थे। हालांकि, अब न तो उनको IPL खेलने को मिलेगा और न ही वो पैसा मिलेगा। इस बीच भारत से ठुकाराए जाने के बाद पाकिस्तान ने मुस्तफिजुर रहमान को अपनाने का काम किया है।
रिपोर्ट की मानें तो मुस्तफिजुर IPL 2026 के साथ शुरू हो रहे पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 सीजन में खेलते हुए नजर आएंगे। मंगलवार 6 जनवरी को यह बात सामने आई कि मुस्तफिजुर PSL में शामिल हो गए हैं, जिसका संकेत पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने दिया है।
हालांकि, आधिकारिक ऐलान अभी होना है कि वे किस टीम के लिए इस लीग में खेलेंगे। एक बात तो तय है कि जितनी रकम उनको IPL में मिलने वाली थी, उसकी 10 फीसदी रकम भी शायद PSL में उनको नहीं मिल पाएगी। पाकिस्तान हर उस खिलाड़ी से संपर्क करता है, जिसे IPL में मौका नहीं मिलता है या फिर वह इस लीग से रिटायर हो जाता है। ऐस में मुस्तफिजुर के साथ डील करना कोई बड़ी बात नहीं है।
बता दें कि जैसे ही BCCI ने मुस्तफिजुर को IPL से बाहर किया तो BCB ने BCCI के इस फैसले के खिलाफ दो बड़े कदम भी उठाए। पहला फैसला बोर्ड ने ये किया कि वह टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए बांग्लादेश की टीम को भारत नहीं भेजेगा।
इसके लिए ICC को पत्र लिखा गया है कि बांग्लादेश के मैच श्रीलंका में शिफ्ट किए जाएं, जो कि इस टूर्नामेंट का सह-मेजबान है। दूसरा फैसला BCB ने सरकार के साथ मिलकर ये किया कि IPL का लाइव टेलीकास्ट और लाइव स्ट्रीमिंग बांग्लादेश में नहीं होगी।

Janmat News 
