पीलीभीत: मझोला में पूर्णागिरि एक्सप्रेस को केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने दिखाई हरी झंडी, दोहराया विकास का संकल्प

उप्र के पीलीभीत जनपद के मझोला रेलवे स्टेशन पर आज ऐतिहासिक क्षण देखने को मिला, जब पीलीभीत सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री भारत सरकार जतिन प्रसाद ने पूर्णागिरि एक्सप्रेस ट्रेन के नए स्टॉपेज के बाद विशाल जनसमूह की मौजूदगी में ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

पीलीभीत: मझोला में पूर्णागिरि एक्सप्रेस को केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने दिखाई हरी झंडी, दोहराया विकास का संकल्प
Published By- Diwaker Mishra

पीलीभीत से प्रेम पाठक की रिपोर्ट

पीलीभीत/जनमत न्यूज़। उप्र के पीलीभीत जनपद के मझोला रेलवे स्टेशन पर आज ऐतिहासिक क्षण देखने को मिला, जब पीलीभीत सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री भारत सरकार जतिन प्रसाद ने पूर्णागिरि एक्सप्रेस ट्रेन के नए स्टॉपेज के बाद विशाल जनसमूह की मौजूदगी में ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में भारी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक, जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वे पीलीभीत संसदीय क्षेत्र को विकसित और सशक्त बनाने के लिए संकल्पित हैं। उन्होंने बताया कि मझोला क्षेत्र में सड़कों के चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। साथ ही जिला अध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह और नगर पंचायत अध्यक्ष निशांत प्रताप सिंह की मांग पर मझोला में सांसद निधि से एक बड़े बारात घर के निर्माण की घोषणा भी की।

केंद्रीय राज्य मंत्री ने जानकारी दी कि टनकपुर से नांदेड तक चार राज्यों से होकर जाने वाली ट्रेन को स्वीकृति दिलाई जा चुकी है और माननीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से इसके शीघ्र संचालन की अनुमति भी मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने राजधानी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत तकनीक के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है और उनका प्रयास है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का लाभ आम जनमानस तक पहुंचे।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री का जगह-जगह स्वागत किया गया। व्यापार मंडल, प्रधानों और जनप्रतिनिधियों ने कपिल अग्रवाल के नेतृत्व में उनका अभिनंदन कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के समाधान हेतु ज्ञापन भी सौंपा।

जिला अध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह ने कहा कि जब से जितिन प्रसाद पीलीभीत के सांसद बने हैं, तब से मझोला क्षेत्र को निरंतर विकास कार्यों की सौगात मिल रही है। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष निशांत प्रताप सिंह ने मझोला टाउन एरिया में विकास कार्यों के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया।

किसान नेता देव स्वरूप पटेल ने बताया कि टांडा विजेसी क्षेत्र में बासमती आयात-निर्यात उत्पादन केंद्र को वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय से स्वीकृति दिलाई गई है, जिसका निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, महिला मोर्चा अध्यक्ष गीता मिश्रा, भाजपा उपाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य, न्यूरिया मंडल अध्यक्ष महेंद्र राजपूत सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

रेलवे विभाग के मंडलीय प्रबंधक (वाणिज्य) संजीव शर्मा, जीआरपी, आरपीएफ तथा प्रशासनिक अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। मझोला में पूर्णागिरि एक्सप्रेस के स्टॉपेज और शुभारंभ को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।