हरदोई में UPI चार्ज के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, सांसद जयप्रकाश का आवास घेराव की कोशिश

UPI लेनदेन पर प्रस्तावित मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) के विरोध में शुक्रवार को उप्र के हरदोई जनपद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।

हरदोई में UPI चार्ज के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, सांसद जयप्रकाश का आवास घेराव की कोशिश
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। UPI लेनदेन पर प्रस्तावित मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) के विरोध में शुक्रवार को उप्र के हरदोई जनपद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने सांसद जयप्रकाश के आवास का घेराव करने की घोषणा करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते सांसद को जनता से जुड़े मुद्दों को संसद में उठाना चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को रोककर कोतवाली में बैठा लिया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम पांडेय ने कहा कि बेरोजगारी और महंगाई से पहले ही आम आदमी परेशान है।

ऐसे में UPI लेनदेन पर अतिरिक्त शुल्क का प्रावधान आम लोगों और छोटे कारोबारियों पर आर्थिक बोझ बढ़ाने वाला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इसी मुद्दे को लेकर पूरे प्रदेश में विरोध कर रही है और सरकार से प्रस्तावित शुल्क व्यवस्था वापस लेने की मांग करती है।

हालांकि, केंद्र सरकार के अनुसार 15 अक्टूबर 2026 से 2,000 से अधिक के चुनिंदा UPI लेनदेन पर 0.4 प्रतिशत MDR लागू होगा,जबकि लेनदेन पूरी तरह निशुल्क रहेगा। सरकार का कहना है कि MDR ग्राहक से नहीं लिया जाएगा और करीब 96 प्रतिशत P2M लेनदेन भी प्रभावित नहीं होंगे।

विक्रम पांडेय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस को जनहित के मुद्दे उठाने से रोकने के लिए पुलिस का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से जुड़े आम लोगों के मामलों में पुलिस के पास समय नहीं है लेकिन कांग्रेस के प्रदर्शन को रोकने में पूरी ताकत लगाई जा रही है।

उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर अपना आंदोलन जारी रखेगी और आने वाले समय में जिला व शहर कांग्रेस के पदाधिकारी मिलकर सरकार के खिलाफ जोरदार संघर्ष करेंगे।