मुजफ्फरनगर: प्लास्टिक गिफ्ट शॉप में लगी भीषण आग, मौके पर पहुंचीं तीन दमकल गाडियां; आग पर पाया काबू

उप्र के मुजफ्फरनगर शहर के भगत सिंह रोड स्थित एक प्लास्टिक गिफ्ट शॉप में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लग गई।

मुजफ्फरनगर: प्लास्टिक गिफ्ट शॉप में लगी भीषण आग, मौके पर पहुंचीं तीन दमकल गाडियां; आग पर पाया काबू
Published By- Diwaker Mishra

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर शहर के भगत सिंह रोड स्थित एक प्लास्टिक गिफ्ट शॉप में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और संयुक्त अभियान चलाकर आग पर काबू पाया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

सूचना मिलते ही एसपी सिटी अमृत जैन, कोतवाली नगर पुलिस, मुख्य अग्निशमन अधिकारी और फायर सर्विस की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की लपटें तेज होने के कारण समीप स्थित एक गोदाम और एक अन्य मकान तक भी फैल गई थीं।

संभावित खतरे को देखते हुए विद्युत विभाग से समन्वय कर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति तुरंत बंद कराई गई, जिससे राहत एवं बचाव कार्य सुरक्षित ढंग से किया जा सके।

पुलिस और फायर सर्विस की टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। एसपी सिटी अमृत जैन स्वयं घटनास्थल पर मौजूद रहे और राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और ढांढस भी बंधाया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। पुलिस और अग्निशमन विभाग आग लगने के कारणों की जांच करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रहे हैं।