पुलिस की मुठभेड़ में मूकबधिर किशोरी से दुष्कर्म के आरोपी घायल, गिरफ्तार
सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि आरोपी की पहचान रोहित निवासी काशीराम कॉलोनी के रूप में हुई है। उस पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज था और घटना के बाद से वह फरार चल रहा था।
हरदोई/जनमत न्यूज। जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में मूकबधिर और मानसिक रूप से कमजोर किशोरी से दुष्कर्म के आरोपी से मंगलवार रात पुलिस की मुठभेड़ हो गई। गोली लगने से आरोपी घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। मौके से पुलिस ने एक तमंचा, एक कारतूस और एक खोखा बरामद किया है।
सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि आरोपी की पहचान रोहित निवासी काशीराम कॉलोनी के रूप में हुई है। उस पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज था और घटना के बाद से वह फरार चल रहा था। मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी शुगर मिल के जंगल में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपी ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई में उसके दाएं पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
घटना की शुरुआत तब हुई जब कोतवाली देहात क्षेत्र में एक मूकबधिर और मानसिक रूप से कमजोर किशोरी घर से लापता हो गई थी। कुछ समय बाद वह नग्न अवस्था में मिली, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी पर स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। घटनास्थल से एक युवक की जींस और शर्ट बरामद हुई थी। पीड़िता के पिता ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीड़िता का मेडिकल परीक्षण, फॉरेंसिक साक्ष्य संग्रह और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपी की पहचान की। सीओ सिटी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Janmat News 
