संगठित चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, दो पुरुष व दो महिलाएं गिरफ्तार, लाखों का माल बरामद

गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 30 पीस पीतल/फूल की थालियां, 12 पीस फूल के कटोरे, चोरी की 19 साड़ियां तथा घटना में प्रयुक्त एक ऑटो बरामद किया गया है।

संगठित चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, दो पुरुष व दो महिलाएं गिरफ्तार, लाखों का माल बरामद
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट —

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज। कोतवाली नगर क्षेत्र में हुई संगठित चोरी की वारदात का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने दो पुरुष एवं दो महिला अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का माल तथा घटना में प्रयुक्त ऑटो बरामद किया है।

घटना थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के मीरा भवन स्थित आवास विकास कॉलोनी में संचालित “बॉम्बे स्टील सेंटर” दुकान की है। 24 जनवरी को चार-पांच अज्ञात महिलाएं एक पुरुष के साथ ऑटो से दुकान पर पहुंचीं। आरोप है कि उन्होंने दुकानदार को बातों में उलझाकर बड़ी सफाई से पीतल की थालियां और कटोरे चोरी कर लिए और मौके से फरार हो गईं। घटना के बाद दुकानदार द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें चोरी की पूरी वारदात कैद मिली। इसके आधार पर थाना कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन तथा आईपीएस क्षेत्राधिकारी नगर प्रशान्त राज हुड्डा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी कोतवाली नगर सुभाष कुमार यादव के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए मुखबिर की सूचना पर गायघाट पुल के पास से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 30 पीस पीतल/फूल की थालियां, 12 पीस फूल के कटोरे, चोरी की 19 साड़ियां तथा घटना में प्रयुक्त एक ऑटो बरामद किया गया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धाराओं की बढ़ोत्तरी की गई है। साथ ही ऑटो को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अलग-अलग स्थानों पर ऑटो से घूमकर दुकानों को निशाना बनाते थे। महिलाएं दुकानदार को बातों में उलझाती थीं, जबकि अन्य साथी चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। चोरी का माल वे राह चलते ग्राहकों को सस्ते दामों में बेच देते थे।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है और अन्य संभावित घटनाओं के संबंध में पूछताछ जारी है।