फर्जी पुलिस वर्दी पहन रील बनाना पड़ा भारी, यूट्यूबर पर मुकदमा दर्ज
यूट्यूबर अजीजा शेख ने उत्तर प्रदेश पुलिस के उप निरीक्षक की वर्दी धारण कर भोजपुरी गीत के साथ सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड किया था,
महराजगंज से नवीन प्रकाश मिश्र की रिपोर्ट —
महराजगंज / जनमत न्यूज। सोशल मीडिया पर फेमस होने के चक्कर में महराजगंज की रहने वाली एक यूट्यूबर को फर्जी पुलिस वर्दी पहनकर रील बनाना भारी पड़ गया। वायरल वीडियो पुलिस तक पहुंचते ही कार्रवाई शुरू कर दी गई और अभियुक्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
जानकारी के मुताबिक यूट्यूबर अजीजा शेख ने उत्तर प्रदेश पुलिस के उप निरीक्षक की वर्दी धारण कर भोजपुरी गीत के साथ सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड किया था, जबकि वह किसी लोक सेवक के पद पर नियुक्त नहीं है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।
पुलिस के अनुसार उक्त कृत्य से आमजन में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई तथा पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया।
इस संबंध में मुख्य आरक्षी अजय कुमार पाण्डेय की तहरीर पर थाना कोतवाली महराजगंज में मुकदमा संख्या 218/2026 धारा 204 बीएनएस के तहत केस दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई है।

Janmat News 
