सीतापुर: सरकारी अस्पताल में दाई के हाथों इलाज और डिलीवरी कराने का आरोप, स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप
योगी सरकार प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन उप्र के सीतापुर जनपद के परसेंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से सामने आया मामला सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
सीतापुर से अनूप पाण्डेय की रिपोर्ट
सीतापुर/जनमत न्यूज़। योगी सरकार प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन उप्र के सीतापुर जनपद के परसेंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से सामने आया मामला सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
मामला परसेंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का है, जहां पंडित पुरवा निवासी करीब 65 से 70 वर्ष की बुजुर्ग महिला द्वारा मरीजों का इलाज करने और प्रसव कराने के आरोप लगाए जा रहे हैं। आरोप है कि सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रदीप यादव द्वारा उक्त महिला को अस्पताल में रखा गया है।
बताया जा रहा है कि अस्पताल में डिलीवरी कराने पहुंचे मरीज के तीमारदारों ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और इसकी जानकारी मीडिया कर्मियों को दी।
तीमारदारों का आरोप है कि अस्पताल में दाई के माध्यम से मरीजों का इलाज और डिलीवरी कराई जाती है। इसके साथ ही मरीजों और उनके तीमारदारों से कथित रूप से अवैध वसूली किए जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं।
वीडियो सामने आने के बाद अब स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। आखिर सरकारी अस्पताल में प्रशिक्षित चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद दाई से इलाज और प्रसव क्यों कराया जा रहा है? क्या अस्पताल प्रशासन को इसकी जानकारी नहीं है या फिर सब कुछ जिम्मेदार अधिकारियों की जानकारी में हो रहा है?
अब देखना यह होगा कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी और जिला प्रशासन इस मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराते हैं या फिर सरकारी अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा से जुड़े इन गंभीर आरोपों को नजरअंदाज कर दिया जाएगा।
बड़ा सवाल: आखिर परसेंडी सीएचसी में मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ के आरोपों पर स्वास्थ्य विभाग कब करेगा कार्रवाई?



