सीतापुर में नए जिलाधिकारी प्रथमेश कुमार ने संभाला कार्यभार, भूमाफियाओं पर कार्रवाई जारी रखने का ऐलान

उप्र के सीतापुर जनपद के नवागत जिलाधिकारी प्रथमेश कुमार ने कार्यभार संभालते ही अपने इरादे साफ कर दिए हैं। पूर्व जिलाधिकारी के कार्यकाल में भूमाफियाओं के खिलाफ शुरू हुआ अभियान अब थमने वाला नहीं है।

सीतापुर में नए जिलाधिकारी प्रथमेश कुमार ने संभाला कार्यभार, भूमाफियाओं पर कार्रवाई जारी रखने का ऐलान
Published By- Diwaker Mishra

सीतापुर से अनूप पाण्डेय की रिपोर्ट 

सीतापुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सीतापुर जनपद के नवागत जिलाधिकारी प्रथमेश कुमार ने कार्यभार संभालते ही अपने इरादे साफ कर दिए हैं। पूर्व जिलाधिकारी के कार्यकाल में भूमाफियाओं के खिलाफ शुरू हुआ अभियान अब थमने वाला नहीं है। नवागत डीएम ने कार्रवाई लगातार जारी रखने की बात कही है।

नवागत जिलाधिकारी प्रथमेश कुमार ने सीतापुर की कमान संभालते ही प्रशासनिक प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं। भूमाफियाओं के खिलाफ पूर्व से चल रही कार्रवाई को जारी रखने का संदेश देकर उन्होंने साफ कर दिया है कि सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों के मामलों को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।

वहीं जनपद के विकास कार्यों को गति देना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। फिलहाल नवागत जिलाधिकारी प्रथमेश कुमार के सामने सीतापुर में कई चुनौतियां हैं। अब देखना यह होगा कि उनके निर्देशों का असर जमीन पर कितना दिखाई देता है।

इससे पूर्व नवागंतुक जिलाधिकारी प्रथमेश कुमार ने आज कोषागार के डबल लॉक में चार्ज लिया। कोषागार के डबल लॉक का चार्ज ग्रहण करते समय अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व आयुष चौधरी, कोषधिकारी दिलीप कुमार सिंह तथा अन्य अधिकारी व कर्मचारी आदि उपस्थित रहे। कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात नवागंतुक जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों का परिचय भी लिया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि शासन के निर्देशों के क्रम में एवं मा0 मुख्यमंत्री जी के निर्देशों के क्रम में जो भी शासन की योजनाएं हैं, उन योजनाओं का लाभ जनपद के अन्तिम पायदान पर खड़े व्यक्तियों तक पहुंचानें की प्राथमिकता रहेगी तथा शिकायतकताओं की शिकायत का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के लिये निर्देशित किया जायेगा।