बरेली में धर्म परिवर्तन के प्रयास के आरोप में प्रचारक गिरफ्तार, धार्मिक पुस्तकें और मोबाइल बरामद
उप्र के बरेली जनपद के मीरगंज थाना क्षेत्र में धर्म परिवर्तन कराने के प्रयास के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से छह धार्मिक पुस्तकें, एक हस्तलिखित नोटबुक और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
बरेली से अनूप रायजादा की रिपोर्ट
बरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के बरेली जनपद के मीरगंज थाना क्षेत्र में धर्म परिवर्तन कराने के प्रयास के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से छह धार्मिक पुस्तकें, एक हस्तलिखित नोटबुक और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध संपरिवर्तन अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, ग्राम सैजना निवासी अंकित की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि ग्राम भुडासी, थाना शीशगढ़ निवासी 51 वर्षीय प्रेमपाल ने गांव के एक घर में सभा आयोजित कर लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रलोभन दिया, धार्मिक प्रचार सामग्री वितरित की तथा हिंदू धर्म के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं।
मुखबिर की सूचना पर 10 जुलाई को मीरगंज पुलिस ने नगरिया सादात फाटक के पास अंडरपास के नीचे से प्रेमपाल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ईसाई धर्म का प्रचारक है और 9 जुलाई को ग्राम सैजना में धर्म परिवर्तन से संबंधित सभा आयोजित की थी।
उसने यह भी कहा कि उसके प्रयास के बावजूद किसी ने धर्म परिवर्तन नहीं किया और मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद वह वहां से जाने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


