फतेहपुर: स्कूल गई 16 वर्षीय छात्रा लापता, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की तलाश
उप्र के फतेहपुर जनपद के किशनपुर थाना क्षेत्र से 16 वर्षीय छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर छात्रा की तलाश शुरू कर दी है।
फतेहपुर से भीमशंकर की रिपोर्ट
फतेहपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के फतेहपुर जनपद के किशनपुर थाना क्षेत्र से 16 वर्षीय छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर छात्रा की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक छात्रा 28 जुलाई को स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी। जांच में पता चला कि छात्रा पहले अपनी एक सहेली के घर पहुंची थी, जहां उसने किसी कार्यक्रम में जाने के लिए कपड़े बदलने की बात कही, लेकिन सहेली की मां ने इसकी अनुमति नहीं दी।
इसके बाद छात्रा स्कूल ड्रेस और बैग के साथ किशनपुर बस स्टैंड की ओर जाती हुई सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पुलिस ने कई टीमें गठित कर सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ संभावित स्थानों पर तलाश तेज कर दी है।
अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय का कहना है कि छात्रा की जल्द बरामदगी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और बरामद होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


