सात दिवसीय भागवत कथा के साथ जन जागरूकता अभियान का शुभारंभ
भागवत कथा के साथ-साथ जन-जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और सामाजिक सुधार के संदेश को पहुंचाना है।
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज। जनपद के मांधाता क्षेत्र के खुझी गांव में आयोजित सात दिवसीय भव्य भागवत कथा का शुभारंभ धार्मिक वातावरण में हुआ। यह आयोजन केवल आध्यात्मिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता का भी मंच बन रहा है।
कार्यक्रम में भागवत कथा के साथ-साथ जन-जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और सामाजिक सुधार के संदेश को पहुंचाना है। आयोजन समिति ने बताया कि कथा के प्रत्येक दिन का एक अलग विषय और थीम निर्धारित किया गया है, जिनमें —कृषि विकास, उद्यान, स्वास्थ्य, शिक्षा, दहेज उन्मूलन, औषधीय पौधों की जानकारी, कैश क्रॉप की तकनीक और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के उपाय शामिल हैं।
इस कार्यक्रम का आयोजन स्तुति चैरिटेबल सोसायटी द्वारा किया जा रहा है, जो विशेष रूप से कैंसर जागरूकता अभियान चला रही है। संस्था की अध्यक्ष डॉ. अनुपमा सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सर्वाइकल कैंसर और ब्रेस्ट कैंसर के प्रति महिलाओं, बच्चियों और पुरुषों को भी जागरूक किया जाएगा। उन्हें बताया जाएगा कि इसके लक्षण क्या हैं, बचाव कैसे किया जा सकता है और समय पर जांच का महत्व क्या है।
इस मौके पर संस्था द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महामहिम राज्यपाल, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, उद्यान मंत्री दिनेश सिंह सहित कई जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। आयोजन स्थल पर ओडीओपी (ODOP) उत्पादों के विशेष स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
आयोजकों ने बताया कि यह कार्यक्रम न केवल धार्मिक श्रद्धा का प्रतीक है, बल्कि समाज सुधार और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश देने वाला आयोजन भी है।

Janmat News 
