रायबरेली: मतदाता सूची में नाम न होने पर बिफरे शख्स ने फाड़ा SIR फॉर्म, BLO से की मारपीट; तीन पर FIR

रायबरेली के डीह थाना क्षेत्र के पूरे पंडित मजरे रोखा गांव में मतदाता सूची में नाम न होने की बात पर दबंगों ने कानून को ठेंगा दिखाते हुए महिला बीएलओ पर हाथ उठा दिया।

रायबरेली: मतदाता सूची में नाम न होने पर बिफरे शख्स ने फाड़ा SIR फॉर्म, BLO से की मारपीट; तीन पर FIR
Published By- Diwaker Mishra

रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट

रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के रायबरेली जनपद के डीह थाना क्षेत्र के पूरे पंडित मजरे रोखा गांव में मतदाता सूची में नाम न होने की बात पर दबंगों ने कानून को ठेंगा दिखाते हुए महिला बीएलओ पर हाथ उठा दिया। सरकारी कार्य में बाधा डालने की ये हरकत इतनी बढ़ गई कि SIR फॉर्म तक फाड़कर तालाब में फेंक दिए। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

हमारे संवाददाता महताब खान से मिली जानकारी के अनुसार BLO विमलेश कुमारी बूथ संख्या 75, प्राथमिक विद्यालय पूरे कुंडल पर 8 दिसंबर को SIR मैपिंग कर रही थीं। तभी मनीष अपने साथी संग पहुंचा और बहन का नाम सूची में न होने पर बवाल करने लगा। जब BLO ने बताया कि उसका निवास ऊंचाहार क्षेत्र में दर्ज है, इसलिए नाम सूची में नहीं है, तो मामला और गरम हो गया।

आरोप है कि मनीष अपनी बहन प्रीति को साथ लेकर लौटा और दोनों ने मिलकर BLO से मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं, सरकारी SIR फॉर्म फाड़कर तालाब में फेंक दिए, जिससे पूरा कार्य ठप हो गया। डीह थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार के मुताबिक, पीड़िता की तहरीर पर तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जांच तेज कर दी है और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की तैयारी में है।