हरदोई: पत्नी की विदाई के लिए हाई-वोल्टेज ड्रामा, शराब के नशे में पानी की टंकी पर चढ़ा युवक
उप्र के हरदोई जनपद के सांडी कस्बा स्थित इंदिरा पार्क में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक अपनी पत्नी को मायके से विदा कराने की जिद में पानी की टंकी पर चढ़ गया।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद के सांडी कस्बा स्थित इंदिरा पार्क में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक अपनी पत्नी को मायके से विदा कराने की जिद में पानी की टंकी पर चढ़ गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा। पुलिस ने युवक के खिलाफ शांतिभंग की धारा के तहत कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार, सांडी के मोहल्ला मुंशीगंज निवासी मुकेश सैनी ने अपनी बेटी पायल की शादी चार साल पहले शाहाबाद निवासी हरीओम उर्फ राजा से की थी दोनों का एक बेटा भी है।
परिजनों का आरोप है कि हरीओम गलत संगत में पड़कर गंभीर रूप से नशे का आदी हो चुका है। वह आए दिन पायल के साथ मारपीट करता था और मायके से रुपये लाने का दबाव बनाता था।
पति प्रताड़ना से तंग आकर पायल कुछ समय पहले अपने बेटे के साथ मायके आकर रहने लगी थी। बताया जा रहा है कि गुरुवार को हरीओम नशे की हालत में सांडी पहुँचा था और दिनभर इधर-उधर घूमता रहा।
शुक्रवार को वह अपनी पत्नी और बच्चे को साथ ले जाने की जिद पर अड़ गया। जब बात नहीं बनी, तो वह नशे में ही इंदिरा पार्क स्थित पानी की टंकी पर चढ़कर तमाशा करने लगा।
टंकी पर युवक को देख मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की भनक लगते ही कस्बा इंचार्ज शुभम सिंह पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुँचे।
पुलिसकर्मियों ने खुद टंकी पर चढ़कर युवक को काफी समझाया-बुझाया और सकुशल नीचे उतारकर थाने लाए।थाना प्रभारी समर बहादुर ने बताया कि युवक का चालान कर शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।


